इटारसी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा श्रीरामलला मंदिर निर्माण के लिए दी गई दान राशि वापस मांगने संबंधी कथित बयान पर इटारसी में सियासत गरमा गई है। नगरपालिका के पार्षद और स्वास्थ्य विभाग के सभापति राकेश जाधव ने दिग्विजय सिंह को एक पत्र लिखकर उन पर तीखा पलटवार किया है।
सभापति राकेश जाधव ने कहा कि सनातन परंपरा में ईश्वर के चरणों में अर्पित किया दान कोई सौदेबाजी नहीं होता, बल्कि यह श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। इसे वापस मांगना भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। जाधव ने दिग्विजय सिंह को खुला चैलेंज देते हुए कहा कि यदि वे सच में अपनी राशि वापस चाहते हैं, तो अपना बैंक खाता विवरण उपलब्ध कराएं, वे व्यक्तिगत रूप से अपने पास से 1,11,000 की राशि सम्मानपूर्वक लौटाने को तैयार हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता से आग्रह किया कि वे भविष्य में प्रभु श्रीराम और करोड़ों भक्तों की आस्था को राजनीतिक विवाद का विषय न बनाएं।











