इटारसी। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर होने वाले निर्माण कार्यों के कारण रेल प्रशासन ने 40 दिनों का ब्लॉक लिया है। इसके चलते गाड़ी संख्या 11273/11274 इटारसी-प्रयागराज छिवकी-इटारसी एक्सप्रेस के टर्मिनल में अस्थाई बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन प्रयागराज छिवकी के बजाय नैनी स्टेशन तक ही संचालित होगी।
संशोधित शेड्यूल के अनुसार, इटारसी से चलने वाली ट्रेन (11273) 24 अप्रैल से 02 जून 2026 तक नैनी स्टेशन पर अपनी यात्रा समाप्त करेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 11274 25 अप्रैल से 03 जून 2026 तक नैनी स्टेशन से ही रात 21 बजे अपनी यात्रा प्रारंभ करेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे मानिकपुर से नैनी के बीच बदले हुए समय के अनुसार ही अपनी यात्रा का प्रबंधन करें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।







