इटारसी। यहां एक निजी रेस्टोरेंट के सभागृह में चौरसिया समाज ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस और रंग पंचमी पर कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करने के साथ पारंपरिक उल्लास के साथ होली का आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज की वरिष्ठ महिलाओं ने राधा-कृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं का सम्मान किया और प्रतिभावान बालिकाओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्राकृतिक फूलों की होली
इस महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पर्यावरण-अनुकूल प्रकृति रही। रंग पंचमी के इस उत्सव में किसी भी प्रकार के रासायनिक रंगों का प्रयोग नहीं किया गया, बल्कि पूर्णत: प्राकृतिक फूलों से होली खेली गई। समाज के सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और गले मिलकर सद्भाव का संदेश दिया।
समाज के अध्यक्ष अरुण चौरसिया एवं महिला अध्यक्ष श्रीमती गीतांजलि जितेंद्र चौरसिया ने अपने संबोधन में परिवार और समाज के निर्माण में महिलाओं के अमूल्य योगदान की सराहना की। इस दौरान महिलाओं ने फनी युगल गेम में भाग लिया, महिला सशक्तिकरण के विषय पर समाज की प्रबुद्ध महिलाओं ने अपने विचार साझा किए और समाज में एकता और खुशहाली बनाए रखने का संकल्प लिया। संचालन श्रीमती श्वेता अरुण चौरसिया ने किया।










