नर्मदा जयंती महोत्सव के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री होंगे शामिल

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने तैयारियों का लिया जाएगा
नर्मदापुरम।
पुण्य सलिला मां नर्मदा का दो दिवसीय जन्मोत्सव शुक्रवार को मंगलाचरण के साथ शुरू हो गया। मुख्य समारोह 28 जनवरी को प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सेठानी घाट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्यातिथ्य में मनाया जाएगा। सेठानी घाट सहित अन्य घाटों पर विशेष साज सज्जा की गई है। जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।

कलेक्टर नीरज कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरण सिंह ने अधिकारियों के साथ शुक्रवार को नर्मदा जयंती महोत्सव और गौरव दिवस की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मुख्य अतिथि के हेलीपैड आगमन पर व्यवस्थाओं से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल सर्किट हाउस से सेठानीघाट तक जलमार्ग का भ्रमण कर तैयारियां देखी। इस अवसर पर पीयूष शर्मा, अपर कलेक्टर मनोज कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री सिंह के मार्गदर्शन में नर्मदा जयंती और नर्मदापुरम के गौरव दिवस की तैयारियां पूर्ण की गई हैं। मुख्य समारोह स्थल के समक्ष नर्मदा की जलधारा में जलमंच बनाया गया है। नर्मदा जयंती और गौरव दिवस को लेकर शहर में उल्लास का माहौल बन गया है।

अधिकारियों कर्मचारियों के साथ स्वयंसेवी संगठनों व नागरिकों की सामूहिक सहभागिता के साथ दोनों ही महोत्सव धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाए जाएंगे। महिला बाल विकास विभाग के द्वारा लोगों को घरों-घर पीले चावल डालकर पर्व में उत्साह से जुडऩे का आग्रह किया है। सभी धर्म व सभी वर्ग में विशेष उत्साह है।

होंगे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

नर्मदा जयंती महोत्सव व नर्मदापुरम के गौरव दिवस के अवसर पर शनिवार को विभिन्न कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत सेठानी घाट पर ही सायंकाल 5 बजे भक्ति गायन के अंतर्गत श्वेता जोशी का गायन होगा। जलमंच के समारोह के बाद रात्रि 8 बजे रानी खानम द्वारा लोक नृत्य की प्रस्तुति होगी। उसके बाद रात्रि 8.30 बजे मृणालिनी शाह द्वारा नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। 9.15 बजे शीला त्रिपाठी द्वारा लोक गायन तथा पद्वम विभूषण तीजन बाई द्वारा रात्रि के 10 बजे लोक गायन की प्रस्तुति होगी।

ये भी रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान एसडीएम मोहिनी शर्मा, एसडीओपी पराग सैनी, तहसीलदार शैलेंद्र बडोनिया, सीएमओ नवनीत पांडे, थाना प्रभारी विक्रम रजक, रक्षित निरीक्षक विजय दुबे सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

सुरक्षा में 600 अधिकारी-कर्मचारी रहेंगे तैनात

मां नर्मदा जयंती के अवसर पर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान रखते हुए नर्मदापुरम पुलिस द्वारा यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की गई है जो दोपहर 02 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक रहेगी। नर्मदा जयंती पर पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरन सिंह के निर्देशन में 600 पुलिस अधीकारी- कर्मचारी मोर्चा संभालेंगे।

इन क्षेत्रों में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध

इस दिन दोपहर 02 बजे से सेठानी घाट, पर्यटन घाट, कोरी घाट, झंडा चौक, सराफा चौक, कसेरा बाजार, मोरछली चौक, सेंट्रल बैंक तिराहा, मेन बोर्ड स्कूल चौराहा क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।

ये रहेगी पार्किंग व्यवस्था

मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों की सुविधा के लिये चार पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था एसएनजी स्कूल मैदान में रहेगी। वही दो पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सेठ गुरुप्रसाद स्कूल परिसर में रहेगी। इसके अतिरिक्त दशहरा मैदान में भी सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था रहेगी।

CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!