इटारसी। जिला सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान परशुराम प्राकट्योत्सव के उपलक्ष्य में दूसरी लाइन स्थित परशुराम भवन में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है।
इसी कड़ी में बुधवार रात सर्व ब्राह्मण महिला संगठन के तत्वावधान में बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद छोटे बच्चों ने विभिन्न आकर्षक वेशभूषा में झांकियां सजाईं और नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गईं झांकियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक मंडल से कल्पना शर्मा, माधवी मिश्रा, साधना दुबे, नीरू मिश्रा, वंदना ओझा, ज्योति शर्मा, इंदिरा तिवारी, कुसुम तिवारी, अजीता शुक्ला एवं पद्मा शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्वागत भाषण रेखा दुबे ने दिया। मंच संचालन सचिव पूनम तिवारी व हेमा पुरोहित ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रचना मिश्रा द्वारा किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में रानी उपाध्याय, मोना अवस्थी, श्वेता मिश्रा, अभिलाषा तिवारी, अर्चना शर्मा, शीतल दुबे, पूजा तिवारी एवं मंजुला तिवारी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में शामिल बच्चों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने इस उत्सव को यादगार बना दिया।











