इटारसी। तहसील विधिक सेवा समिति इटारसी के तत्वावधान में आज 29 अक्टूबर 2025 को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सनखेड़ा नाका, पुरानी इटारसी में एक महत्वपूर्ण विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया। यह शिविर कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए ‘गुड टच और बैड टच’ विषय पर केंद्रित था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रथम जिला न्यायाधीश, इटारसी श्रीमती अनीता खजूरिया रहीं। सुश्री मोनिका गोस्वामी ने बच्चों को गुड टच (अच्छा स्पर्श) और बैड टच (बुरा स्पर्श) के बारे में अत्यंत सरल और प्रभावशाली तरीके से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को यह सिखाया कि सही और गलत स्पर्श को किस प्रकार पहचानना है और किसी भी अनुचित परिस्थिति में तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या भरोसेमंद व्यक्ति को बताना चाहिए।
बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी
मुख्य अतिथि श्रीमती अनीता खजूरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों की सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने जोर दिया कि बच्चों को प्राथमिक अवस्था से ही अच्छे और बुरे स्पर्श के बारे में जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि वे किसी भी प्रकार की अनुचित स्थिति में अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें।
संचालन विद्यालय के आचार्य रितेश पटेल ने किया। जागरूकता कार्यक्रम में जीवोदया संस्था नेहरूगंज इटारसी से सुश्री मोनिका गोस्वामी, ज्योति, विद्यालय के प्राचार्य नर्मदाप्रसाद मालवीय, विद्यालय के समिति सचिव विक्रम सोनी सहित विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








