इटारसी। न्यास कॉलोनी स्थित साईं विद्धा मंदिर स्कूल में आज (14 नवंबर) बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए विशेष मनोरंजक और शिक्षाप्रद गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसका नन्हे-मुन्नों ने भरपूर आनंद लिया। यह आयोजन देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन और बच्चों के प्रति उनके स्नेह को समर्पित था।
स्कूल ने इस दिन को यादगार बनाने के लिए कई रोचक कार्यक्रमों को शामिल किया। बच्चों को थंब पेंटिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला, जहां उन्होंने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से उकेरा। मनोरंजन के साथ-साथ शिक्षा को जोडऩे के उद्देश्य से, बच्चों को शिक्षाप्रद बाल कथाओं पर आधारित कार्टून मूवी भी दिखाई गई, जिसने उन्हें महत्वपूर्ण नैतिक मूल्यों से परिचित कराया। इसके अतिरिक्त, बच्चों ने उत्साह के साथ विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों और रोचक खेल-कूद प्रतियोगिताओं में भागीदारी की। स्कूल का प्रांगण बच्चों की खिलखिलाहट और उत्साह से गूंज उठा।
इस अवसर पर, स्कूल के संचालक आलोक गिरोटिया ने बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा, बच्चों को मानसिक रूप से स्वस्थ और उत्साहित रखने के लिए केवल अध्ययन ही पर्याप्त नहीं है। मनोरंजक अवसर प्रदान करके, हम उनके सर्वांगीण विकास को गति देते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को सीखने में अपना रुझान बढ़ाने और स्कूल से भावनात्मक रूप से जुडऩे में मदद करते हैं।








