इटारसी। पथरोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ग्वाड़ी में हनुमान मंदिर के पास एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और गाली-गलौज हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पथरोटा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
कृष्ण कुमार यादव की शिकायत पर तीन पर केस
पहले पक्ष से फरियादी कृष्ण कुमार यादव उम्र 45 वर्ष पिता रामलारे यादव निवासी ग्राम तीखड़ ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि ग्राम ग्वाड़ी में हनुमान मंदिर के पास आरोपी रामलारे यादव उम्र 85 वर्ष, बालमुकुंद यादव उम्र 47 वर्ष और पीयूष यादव उम्र 23 वर्ष ने मिलकर उनके साथ बिना वजह गालियां दीं। विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस शिकायत पर अपराध दर्ज किया है।
बालमुकुंद यादव की शिकायत पर भी तीन पर मामला दर्ज
वहीं दूसरे पक्ष से फरियादी बालमुकुंद यादव उम्र 47 वर्ष पिता रामलारे यादव निवासी ग्राम ग्वाड़ी ने शिकायत दर्ज कराई है। बालमुकुंद का आरोप है कि उसी समय और स्थान पर आरोपी आयुष यादव उम्र 23 वर्ष, लता यादव उम्र 40 वर्ष और कृष्ण कुमार यादव उम्र 47 वर्ष ने उन्हें घेर लिया और गालियां देते हुए उनके साथ लाठी-डंडों व हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस शिकायत पर अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर सभी छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमे कायम कर लिए हैं।











