इटारसी। शहर की अग्रवाल कॉलोनी बालाजी मंदिर के पास में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हो गई। मामले में दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरी घटना 18 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे की है, जिसकी रिपोर्ट रात में दर्ज की गई।
फरियादी क्रांति पति मंजू भाट 40 वर्ष ने शिकायत दर्ज कराई कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी रीता भाट, करण भाट और नकुल भाट ने उन्हें और उनकी मां पुष्पा बाई को गंदी-गंदी गालियां दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने किसी नुकीली चीज से उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
वहीं, दूसरे पक्ष से फरियादी रीता पति संतोष भाट 38 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी क्रांति भाट, अभय भाट और नीलू भाट ने उनके साथ गाली-गलौज की। मना करने पर आरोपियों ने रीता और उनके बेटे करण के साथ डंडे से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस पक्ष की शिकायत पर भी अपराध कायम किया है।









