इटारसी। शहर के ओवरब्रिज की सफाई व्यवस्था के कारण अब वार्डों की नियमित सफाई प्रभावित होने लगी है। शनिवार को वार्ड क्रमांक 8 में एक भी सफाई कर्मचारी नहीं पहुंचा, जिससे पूरे वार्ड में गंदगी का आलम रहा। वार्ड पार्षद ज्योति बाबरिया के प्रतिनिधि राजकुमार बाबरिया ने जब वार्ड मुकद्दम दिलीप घावरी से जानकारी ली, तो पता चला कि सीएमओ के निर्देश पर वार्ड 8, 9 और 10 के सभी सफाईकर्मियों की ड्यूटी ओवरब्रिज की सफाई में लगा दी गई है।
पार्षद प्रतिनिधि ने इस अव्यवस्था को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुरेखा जाटव से फोन और मैसेज के जरिए संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।पार्षद ज्योति बाबरिया ने प्रशासन की इस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर की सुंदरता बढ़ाना ठीक है, लेकिन इसके लिए वार्डों की सफाई व्यवस्था से समझौता करना गलत है। उन्होंने मांग की है कि ऐसे कार्यों के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जाए ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो।











