नर्मदापुरम्। बारिश पूर्व नगरपालिका का स्वच्छता अभियान तेज गति से चल रहा है। स्वच्छता अभियान के तहत नगर के सभी बड़े नाले-नालियों का जेसीबी पोकलेन और स्वच्छता दूतों की मदद से सफाई कराई जा रही है।
विगत एक माह से चल रहे विशेष सफाई अभियान में अनेक स्थानों के नाले नालियों को साफ किया जा चुका है। साथ ही नाले नालियों पर हुए पक्के, कच्चे अतिक्रमण को भी हटाया जा रहा है। प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक कमलेश तिवारी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव, मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले और स्वच्छता शाखा प्रभारी दीक्षा तिवारी के निर्देश पर नगर में बारिश पूर्व विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
वार्ड क्रमांक 14 में स्थित नाले तथा वार्ड क्रमांक 17 के नाले को आज जेसीबी की मदद से साफ किया गया। साथ ही जहां जेसीबी या पोकलेन नहीं पहुंच पा रही थी वहां स्वच्छता दूतों की मदद ली गई। साथ ही नाले पर लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमणों को भी हटाया गया। साथ ही समझाइश भी दी गई कि अगर नाले नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण किया है तो उसे तत्काल हटा लें। अन्यथा मशीनों की मदद से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाएगा।











