इटारसी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के नतीजे घोषित हो गए हैं। इस मर्तबा इटारसी शहर का प्रदर्शन पिछले वर्ष की अपेक्षा बेहतर हुआ है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में इटारसी (Itarsi) को एक लाख से कम जनसंख्या वाले शहरों में पश्चिम जोन में 132 शहरों में से 49 वॉ स्थान प्राप्त हुआ है। इसी तरह स्टेट लेवल के नतीजों में इटारसी एक लाख से कम जनसंख्या वाले 13 शहरों में तीसरे स्थान पर है। पिछले वर्ष, यानी स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में इटारसी को वेस्ट जोन में 74 वी और स्टेट लेवल में 17 वी रैंक मिली थी। इस वर्ष रैंक में सुधार हुआ और यह 49 रैंक पर आया। प्रदेश में भी पिछली रैंक 17 के स्थान पर 3 री रैंक मिली है।
स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में इस बार होशंगाबाद (Hoshangabad) ने भी बाजी मारी है। उसे सबसे तेज गतिमान होने वाले छोटे शहर का अवार्ड मिला है। होशंगाबाद की एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों में 372 में से 62 नेशनल रैंकिंग और 13 में से 3 स्टेट रैंकिंग मिली है। नयी दिल्ली में यह अवार्ड पूर्व कलेक्टर धनंजय सिंह और सीएमओ माधुरी शर्मा ने ग्रहण किया। केंद्रीय सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छता सम्मान समारोह में पूर्व कलेक्टर एवं प्रशासक धनंजय सिंह, मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुश्री माधुरी शर्मा को 1 से 3 लाख जनसंख्या वाली फास्टेस्ट मूवर सिटी श्रेणी में फस्र्ट रैंक हासिल करने पर सम्मानित किया।








