- छात्राओं के लिए लायब्रेरी की व्यवस्था की जरूरत
- शिकायत पेटी में नहीं मिली कोई भी शिकायत
इटारसी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती ऋतु मेहरा ने आज शासकीय जनजातीय महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि पिछली बार के निरीक्षण की तुलना में इस बार छात्रावास की व्यवस्थाओं में काफी सुधार हुआ है।
सीएमओ ने छात्रावास में मौजूद सुविधाओं, साफ-सफाई, और छात्राओं के रहन-सहन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से बात करके उनकी समस्याओं को भी जानने की कोशिश की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि छात्रावास में साफ-सफाई की स्थिति बेहतर है और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी दुरुस्त हैं। सभी छात्राओं ने बातचीत के दौरान बताया कि सभी को मेन्यू के अनुसार भोजन मिल रहा है।
छात्रावास में इस वक्त क्षमता अनुसार 50 छात्राएं निवासरत हैं और आज सभी का स्वास्थ्य परीक्षण भी हुआ तथा सभी छात्राएं स्वस्थ पायी गई हैं। सीएमओ ने यहां डायनिंग एरिया, फर्नीचर में सुधार और अच्छी पुस्तकों के साथ पुस्तकालय की जरूरत बतायी। सीएमओ ने छात्राओं के लिए एक लाइब्रेरी की व्यवस्था करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी होने से छात्राएं पढ़ाई पर और बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित कर पाएंगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर सकेंगी।
निरीक्षण के दौरान, सीएमओ ने छात्रावास में लगी शिकायत पेटी को भी देखा, जिसमें कोई भी शिकायत नहीं मिली। यह दर्शाता है कि छात्राएं फिलहाल छात्रावास की व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं। सीएमओ श्रीमती ऋतु मेहरा ने छात्रावास प्रबंधन को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण जारी रखने की बात कही। इस मौके पर छात्रावास की अधीक्षक शीला मालवीय और नगर पालिका के कर्मचारी कमलकांत बडग़ोती भी मौजूद रहे।








