इटारसी। दीपावली के त्यौहार को लेकर मुख्य बाजार से लेकर गांधी ग्राउंड तक दुकानें सज चुकी हैं और ग्राहकों की चहल-पहल शुरू हो गई है। त्यौहार के दौरान यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और अतिक्रमण पर लगाम लगाने के उद्देश्य से बुधवार शाम मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) सुरेखा जाटव अपनी टीम के साथ औचक निरीक्षण पर निकलीं।
निरीक्षण के दौरान सड़कों पर बेतरतीब खड़े हथठेलों और दुकानदारों द्वारा बाहर फैलाकर रखे गए सामान को सीएमओ के निर्देश पर नगर पालिका अमले द्वारा जब्त कर लिया गया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। सीएमओ ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में सड़कों पर सामान फैलाकर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











