बैतूल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने दो दिवसीय दौरे के तहत शनिवार को बैतूल जिले के सुप्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू पहुंचे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया और स्थानीय स्व-सहायता समूह की महिलाओं से आत्मीय संवाद कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का संदेश दिया।
महिलाओं का बढ़ाया उत्साह, चखा मावा और रबड़ी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुकरू में ‘कृष्णा आजीविका स्व-सहायता समूह’ द्वारा संचालित गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने समूह द्वारा तैयार प्रसिद्ध मावा और रबड़ी का स्वाद लिया और महिलाओं के आत्मनिर्भर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं से ‘लाड़ली बहना योजना’ के बारे में पूछा कि राशि नियमित मिल रही है या नहीं, जिस पर महिलाओं ने सकारात्मक जवाब देते हुए आभार जताया
समूह की अध्यक्ष श्रीमती शोभा गायने ने बताया कि 11 सदस्यों वाले इस समूह को विभिन्न सरकारी योजनाओं (CCL, CIF, RF और PMFME) के तहत वित्तीय सहायता मिली है। आजीविका मिशन से मिली स्वचालित मावा मशीन की मदद से समूह को ₹25,000 और महिलाओं को व्यक्तिगत रूप से ₹15,000 से ₹18,000 तक की मासिक आय हो रही है।
सनसेट पॉइंट से अभिभूत हुए मुख्यमंत्री, पर्यटन विकास के दिए निर्देश
अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने कुकरू स्थित प्रसिद्ध सिपना सनसेट पॉइंट से अलौकिक सूर्यास्त का नजारा देखा। डॉ. यादव ने कहा कि कुकरू की हरी-भरी पर्वत श्रृंखलाएं और प्राकृतिक वातावरण अद्भुत हैं। इसमें मध्य प्रदेश के एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होने की अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा हो सकें।
इस विशेष अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री व सांसद दुर्गादास उइके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर सहित कमिश्नर श्रीकांत बनोठ, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।











