इटारसी। लगातार बदल रहे मौसम के रंग के साथ आज कोहरे वाली सुबह और शीतलहर के साथ फिर ठिठुरन बढ़ी है। सूरज नहीं निकलने से धूप से राहत भी नहीं मिल रही है। करवट बदल रहे मौसम में पिछले एक सप्ताह से तापमान बढऩे से लोगों को ठंड की विदाई का अहसास होने लगा था कि गुरुवार को जब सुबह लोग उठे तो वातावरण में कोहरा था और शीतलहर चल रही थी।

आज के मौसम को देखकर लगता है कि अभी ठंड से जल्द राहत नहीं मिलने वाली है। आमतौर पर वसंत पंचमी के बाद ठंड की विदाई की बेला होती है। लेकिन, वसंत पंचमी के एक दिन बाद ही ठंड ने अपनी उपस्थिति का पुन: अहसास करा दिया है। सुबह से ही तेज सर्द हवाओं के साथ कोहरे का मौसम है और सूरज नहीं निकला है। ठंड की वापसी के बाद अब लोगों के शरीर पर भी पुन: गर्म कपड़ों की वापसी हो गयी है।
उत्तर भारत में पड़ रही ठंड और उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि का असर भी मध्यप्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्से में पड़ रहा है। दो दिन पूर्व रीवा और आसपास ओलावृष्टि हुई थी, जिससे ठंड का असर बढ़ा है। अभी वर्तमान में दिन का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस है जो रात में 16 डिग्री तक जाने की संभावना है।