- शत प्रतिशत मतदान कराने के लिए बीएलओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अधीनस्थ अमलों को दिये निर्देश
- नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से किया जा रहा है मतदाताओं को जागरूक, कलेक्टर ने स्वयं किया अवलोकन
नर्मदापुरम। कलेक्टर सोनिया मीना ने लोकसभा निर्वाचन के तहत ग्राम पंचायत एवं तहसील स्तर पर क्या तैयारी की जा रही है, उसका निरीक्षण करने आज माखन नगर का भ्रमण किया। कलेक्टर ने जांच नाका, चेक पोस्ट आंचल खेड़ा एवं नसीराबाद का निरीक्षण किया। तैनात अमले से आमने-सामने चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए। इसी कड़ी में कलेक्टर ने आंचल खेड़ा के मतदान केंद्र 91, 92, 93, ग्राम समौन के मतदान केंद्र 61, 62 ग्राम गनेरा के मतदान केंद्र 17, 18 का निरीक्षण कर मतदान केन्द्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। जहां कमी पाई गई वहां पर मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
आंचल खेड़ा में स्थापित किए जांच नाका, चेक पोस्ट का निरीक्षण किया उन्होंने रजिस्टर चेक किया, रजिस्टर में एंट्री की जा रही गाडिय़ों का आगमन देखा और निर्देश दिए कि चेक पोस्ट पर कार्यरत सभी लोगों के पहचान पत्र बनाए जाएं। यहां पर पटवारी, कोटवार, सेक्टर पुलिस अधिकारी, आरआई की ड्यूटी लगाई है जो आने जाने वाले वाहनों की लगातार चेकिंग कर रहे हैं, चेक पोस्ट 24 घंटे कार्यरत है। कलेक्टर ने निर्देश दिए की चेकिंग के दौरान की जाने वाली कार्यवाहियों का एक प्रपत्र बनाकर रखें और नाके पर वेब कास्टिंग की जाए और जब भी वाहनों की चेकिंग हो तो वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से की जाए। कलेक्टर ने आंचल खेड़ा के मतदान केंद्र 92 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का अवलोकन कर संबंधित अधिकारी को मतदान के दिन परिसर में टेंट लगाने एवं शौचालय को रनिंग कंडीशन में लाने के निर्देश दिए। ग्राम कुठारिया में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की छात्राओं से भेंट किया।
छात्राओं का सात दिवसीय आवासीय शिविर लगा है। छात्राएं स्वच्छता एवं मतदाता जागरूकता के कार्यक्रम नुक्कड़ नाटकों एवं गीतों के माध्यम से आम जनता तक पहुंचा रही हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत भी लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कलेक्टर ने छात्राओं से पूछा कि वे मतदाताओं को किस तरह मतदान के लिए प्रेरित कर रही है। छात्राओं ने बताया कि हम उन्हें हर एक वोट का महत्व समझाते हैं और यह बताते हैं कि आपके एक वोट से सरकार बनेगी जो आपके लिए योजनाएं एवं रोजगार लेकर आएंगी। अगर अपने मतदान नहीं किया तो हो सकता है कि आपकी पसंद का जनप्रतिनिधि नहीं चुना जाए। कलेक्टर ने उनसे सवाल किया कि क्या धूप में भी लोग मतदान करने के लिए आएंगे यदि वे आनाकानी करते हैं तो आप कैसे उन्हें समझाएंगे।
छात्रा शिखा ने बताया कि धूप में भी जब हम खाना खा सकते हैं, घर के सारे काम कर सकते हैं, तो मतदान करने के लिए क्यों नहीं आ सकते। हम यही चीज आम लोगों को समझाते हैं। छात्राओं ने कलेक्टर को बैच भी लगाया। स्वीप के अंतर्गत किए जा रहे हैं भाषण, रंगोली, मेहंदी एवं वाद विवाद प्रतियोगिता के बारे में जानकारी दी। इस दौरान प्रोफेसर अनीता साहू एवं प्राचार्य नीता चौबे ने किए जा रहे कार्यों का ब्योरा दिया। शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल माखन नगर में मतदान केंद्र 83 क्रिटिकल मतदान केंद्र है। कलेक्टर यहां सभी मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया और संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि वे यहां पर मतदान का प्रतिशत बढ़ाए। गांव की महिलाओं ने भी बताया कि वह भी लोगों को जागरूक कर रही हैं। बृजेश त्रिवेदी ने मतदान को लेकर कविता सुनाई। कलेक्टर ने बृजेश त्रिवेदी को ब्रांड एंबेसडर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता जागरूकता के लिए बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ग्राम समौन और गनेरा में मतदान केंद का निरीक्षण किया। जांच नाका, चेक पोस्ट नसीराबाद का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नर्मदा पुरम श्रीमती नीता कोरी, एसडीएम सोहागपुर एवं तहसीलदार सोहागपुर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।








