नर्मदापुरम। बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के बीच मूक पक्षियों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने अनूठी पहल की है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में आज ‘नीर पखेरू अभियान’ का आगाज हुआ। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
कलेक्टर कार्यालय से हुई शुरुआत
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने स्वयं कलेक्टर कार्यालय के बाहर जल पात्र में पानी भरकर रखा। उन्होंने उपस्थित सभी प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों और स्कूली बच्चों को पखेरू वितरित किए। कलेक्टर ने सभी से अपील की कि वे अपने घरों की छतों, बाल्कनी और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर मिट्टी के पात्र लगाकर उनमें नियमित रूप से पानी भरें, ताकि पक्षियों को भटकना न पड़े।
जनभागीदारी का दिया संदेश
इस दौरान कलेक्टर ने संदेश दिया कि यह अभियान केवल सरकारी आयोजन नहीं है, बल्कि एक मानवीय जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जुडऩे और दूसरों को भी प्रेरित करने का आग्रह किया ताकि बेजुबान पक्षियों को जीवनदायिनी राहत मिल सके। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन सहित जिले के विभिन्न विभागों के आला अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।










