- सर्वाइकल कैंसर के टीके लगाने के लिए शिविर आयोजित किए जाए
- वन व्यवस्थापन के प्रकरण आरसीएमएस पोर्टल पर अपलोड करने निर्देश
- कमिश्नर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी कलेक्टर्स को दिये निर्देश
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर कृष्ण गोपाल तिवारी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नर्मदापुरम संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वह आगामी शैक्षणिक सत्र में सभी स्कूलों की बसों की फिटनेस की जांच कराएं, बस चलाने वाले ड्राइवरों के ड्राइविंग लाइसेंस की भी जांच कराई जाए। कमिश्नर ने निर्देश दिए की सभी स्कूल संचालकों से स्कूल में संचालित की जाने वाली बसों की जानकारी अनिवार्य रूप से ली जाए।
कमिश्नर ने 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सर्वाइकल कैंसर रोधी टीके लगाने हेतु ज्यादा से ज्यादा शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके लिए बजट की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने सहित वन व्यवस्थापन के सभी प्रकरण आरसीएमएस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिये।
हरदा बैतूल एवं नर्मदापुरम जिले में चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा कर निर्देश दिए कि जल गंगा संवर्धन अभियान में और अधिक प्रगति लाई जाए। कमिश्नर ने नजूल जमीन नवीनीकरण की रजिस्ट्री करने लीज एवं नामांतरण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कमिश्रर ने कहा, सभी कलेक्टर्स अपने अधिकारी एवं कर्मचारियों की गोपनीय चरित्रावली ई ऑफिस सिस्टम के माध्यम से ही लिखना सुनिश्चित करें, कोई भी गोपनीय चरित्रा वली मैनुअल के आधार पर ना लिखी जाए।
उन्होंने लोक सेवा प्रदाय की गारंटी के तहत प्राप्त प्रकरण का शीघ्र ही निराकरण करने के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा गत दिवस ली गई बैठक में दिए समय सीमा के अनुरूप ही जल जीवन मिशन का कार्य समय सीमा में पूर्ण कर लिया जाए। आगामी पर्व एवं त्योहार के दौरान जिलों में कानूनी व्यवस्था की स्थिति चाक चौबंद रखने के साथ ही निर्देश दिए की मुख्यमंत्री के भ्रमण के बाद भ्रमण कार्यक्रम की अनिवार्य रूप से समीक्षा की जाए और भ्रमण के दौरान यदि कोई कमी दिखाई दी हो तो उस पर विशेष तौर पर कार्य करते हुए अगले भ्रमण के दौरान उस कमी में सुधार किया जाए।
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि कुछ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है एवं कुछ अधिकारियों का प्रकरण अपील में है ऐसे सभी अधिकारियों के लिए कलेक्टर की ओर से अभिमत मांगा है अत: सभी कलेक्टर्स अपना अभिमत दें ताकि संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। वीसी के दौरान नर्मदापुरम कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, बैतूल कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, जिला पंचायत हरदा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सविता झानिया ऑनलाइन एवं उपायुक्त राजस्व गणेश जायसवाल, संयुक्त आयुक्त विकास जीसी दोहर एवं अन्य अधिकारी ऑफलाइन उपस्थित रहे।











