नर्मदापुरम। रक्षित निरीक्षक स्नेहा चंदेल के नेतृत्व में मंगलवार को ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0Ó विशेष अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला नर्मदापुरम में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए चित्रकला, निबंध, पेंटिंग, स्लोगन, रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक स्नेहा चंदेल, उप निरीक्षक प्रहलाद सिंह प्रजापति एवं स्कूल प्राचार्या श्रीमती अर्चना मिश्रा ने नशा मुक्ति पर अपने विचार रखे और छात्राओं को नशे के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराया।
अभिभावकों को भी दी नशा मुक्ति की प्रेरणा
जागरूकता पहल को और व्यापक बनाते हुए पुलिस टीम ने स्कूल के बाहर छात्राओं को लेने आए अभिभावकों से भी संवाद किया। अधिकारियों ने उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, सामाजिक व आर्थिक नुकसान के बारे में समझाते हुए नशा मुक्ति अभियान से जुडऩे और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शाला का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।











