---Advertisement---

रैसलपुर खरीदी केंद्र पर प्रशासनिक टीम से अभद्र व्यवहार, केंद्र प्रभारी और सर्वेयर पर एफआईआर

By
Last updated:
Follow Us
Bachpan play school advertisement

इटारसी। नर्मदापुरम जिले के रैसलपुर स्थित बालाजी वेयरहाउस खरीदी केंद्र पर निरीक्षण करने पहुंची प्रशासनिक टीम के साथ बदसलूकी और शासकीय कार्य में बाधा डालने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने शासकीय अधिकारियों की रिपोर्ट पर केंद्र प्रभारी और सर्वेयर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

निरीक्षण के दौरान हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6 बजे सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह, खाद्य विभाग के कमल किशोर शुक्ला, विनोद बिसरे और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी जुबेर काजी की संयुक्त टीम बाइक से रैसलपुर स्थित बालाजी वेयरहाउस खरीदी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंची थी। टीम का उद्देश्य खरीदी केंद्र पर व्यवस्थाओं और अनाज की गुणवत्ता की जांच करना था।

अधिकारियों को दी जान से मारने की धमकी

निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद सर्वेयर सूरज सराठे 28 वर्ष, निवासी शनिचरा बाजार माखननगर और केंद्र प्रभारी मुकेश साहू 33 वर्ष, निवासी ग्राम रायपुर ने अधिकारियों के साथ सहयोग करने के बजाय अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने अधिकारियों को शासकीय कार्य करने से रोका, उनके साथ गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। अधिकारियों द्वारा समझाने के बावजूद आरोपियों का व्यवहार उग्र बना रहा।

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी जुबेर काजी ने थाना इटारसी में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। इटारसी टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि जुबेर काजी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी मुकेश साहू और सूरज सराठे के विरुद्ध जान से मारने की धमकी, शासकीय कार्य में बाधा के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।

प्रशासन की सख्त चेतावनी

उपार्जन केंद्रों पर इस तरह की अनुशासनहीनता और अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Advertisement

Rashtra Bharti School, Itarsi
error: Content is protected !!