
समस्या निवारण शिविर में प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निराकरण किया जायेगा
इटारसी। संभागीय उपायुक्त जनजाति कार्य विभाग जेपी यादव ने गुरुवार को केसला के उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विभागीय कर्मचारियों की समस्याओं के लिए आयोजित समस्या निवारण शिविर मे समस्याओं की सुनवाई की।
शिविर में 35 कर्मचारियों ने समस्याओं संबंधित आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। इन समस्याओं में क्रमोन्नति एवं समयमान वेतनमान संबंधित 12, वेतन और एरियर न मिलने सम्बन्धी 16, एनपीएस के गुम कटौती संबंधी 02 एवं दिव्यांग भत्ता न मिलने संबंधी 05 समस्याओं प्राप्त हुई।
संभागीय उपायुक्त ने जिला कार्यालय के सहायक संचालक संजय द्विवेदी, विकास खंड शिक्षा अधिकारी केसला श्रीमती आशा मौर्य एवं प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय सुनील कुमार सक्सेना की उपस्थिति में सुनवाई की। संभागीय उपायुक्त ने उपस्थित कर्मचारियों को अवगत कराया कि आप सब के प्रति संवेदना के कारण ही इस समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया है। कल हमने जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर क्रमोन्नति तथा समयमान वेतनमान संबंधी स्वत्वों के निराकरण हेतु समय सीमा निर्धारित की है। हमारा प्रयास रहेगा कि 17 मई 2023 तक कमोन्नति तथा समयमान वेतनमान संबंधी समस्त औपचारिकता पूर्ण कर आदेश जारी कर दिए जाएं। इस संबंध में जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आज जो समस्यायें प्राप्त हुई हैं उन सब समस्याओं का एक माह मे निराकरण कर आपको सूचित किया जायेगा।
संभागीय उपायुक्त ने कर्मचारियों से कहा कि भविष्य में भी किसी प्रकार की समस्या हो तो बिना संकोच के आप मुझे अपनी समस्याओं से अवगत करा सकते हैं। आपकी समस्याओं के त्वरित निवारण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों अपने कार्य को समर्पित भाव से करने हेतु प्रोत्साहित किया। यादव ने कहा कि आप स्कूल में आने वाले बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। आपकी समस्याओं के तेजी से निवारण की कोशिश करेंगे।