सिवनी मालवा। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और आपराधिक घटनाओं को देखते हुए, नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 08 की कांग्रेस पार्षद श्रीमती अनुराधा दीपक दीक्षित ने पुलिस व्यवस्था को तत्काल मजबूत करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने नर्मदापुरम जिले के पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा को एक विस्तृत आवेदन सौंपा है।
बंद चौकियों से बढ़ी मुश्किल
आवेदन में पार्षद श्रीमती दीक्षित ने बताया कि सिवनी मालवा का क्षेत्र बहुत व्यापक है, जबकि पुलिस विभाग सीमित संसाधनों में काम कर रहा है। उन्होंने खास तौर पर ध्यान दिलाया कि बानापुरा रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस चौकी वर्तमान में बंद है। इसके अलावा, क्षेत्र में 112 वाहन (डायल 100) और संबंधित स्टाफ की कमी के कारण पुलिस सहायता समय पर नहीं पहुंच पाती, जिससे चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है।
पार्षद प्रतिनिधि ने रखी प्रमुख मांगें
कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने जनहित में एसपी से निम्नलिखित सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की मांग की।
- अतिरिक्त 112 वाहन : सिवनी मालवा में अतिरिक्त 112 वाहनों को तैनात किया जाए ताकि आपातकालीन सहायता तुरंत मिल सके।
- बानापुरा चौकी पुन: शुरू : बानापुरा क्षेत्र में बंद पड़ी पुलिस चौकी को पुन: प्रारंभ किया जाए।
- सीसीटीवी कैमरे : नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
पार्षद ने कहा कि इन उपायों से क्षेत्र की जनता में सुरक्षा का भरोसा बहाल होगा और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
एसपी ने दिया आश्वासन
पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा ने पार्षद की मांगों पर संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया है कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी सभी समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण किया जाएगा।








