- एसडीएम को सौंपी समस्या, खाद वितरण भी कराया शुरू
इटारसी। कृषि उपज मंडी इटारसी में मूंग खरीदी के दौरान किसानों को आ रही तुलाई समस्याओं और तौल कांटों की कमी को लेकर कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल सक्रिय हुआ। कांग्रेस नेताओं ने मंडी पहुंचकर किसानों का हाल जाना और तत्काल एसडीएम के समक्ष कांटों की कमी व अव्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से रखा।
किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम नीलेश शर्मा ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शाम तक अतिरिक्त तुलाई मशीनों की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि मूंग की तुलाई तेज हो सके और मंडी में लंबी कतारों में खड़े किसानों को राहत मिल सके।
पूजा-अर्चना के बाद खाद वितरण हुआ सुचारु
मंडी परिसर में खाद वितरण को लेकर हो रही आपाधापी और तकनीकी समस्याओं को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने विभागीय अधिकारियों से चर्चा की। समस्याओं के निराकरण के बाद कंप्यूटर एवं खाद की विधिवत पूजा-अर्चना करवाकर वितरण कार्य को पुन: सुचारु रूप से प्रारंभ कराया।
इस मौके पर मौजूद नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है। मंडी हो या सड़क, किसानों की हर आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और उन्हें परेशान नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान मयूर जायसवाल, राकेश चंदेले, नवल पटेल, भवानी कहार, प्रतीक मालवीय, पप्पू जनपद एवं भूपेंद्र सिंह राजपूत सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं कृषक बंधु उपस्थित रहे।











