इटारसी। क्षेत्र में किसानों को खाद (यूरिया) वितरण में आ रही भारी समस्या और निजी दुकानदारों द्वारा की जा रही कालाबाजारी के विरोध में आज नगर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने एसडीएम से मुलाकात कर गंभीर अनियमितताओं से अवगत कराया।
एक तरफ़ लाइन, दूसरी तरफ़ ऊँचे दाम
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को बताया कि किसानों को खाद वितरण में घोर अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। जहाँ एक ओर, मेहनतकश किसान घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाद नहीं प्राप्त कर पा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर, शहर के कुछ व्यापारी ऊँचे दामों पर खाद बेचकर किसानों का शोषण कर रहे हैं। यह स्थिति किसानों की परेशानी को कई गुना बढ़ा रही है और खेती के कार्य को प्रभावित कर रही है।
एसडीएम से की तुरंत नियंत्रण की मांग
कांग्रेसजनों ने एसडीएम से मांग की कि वे इस खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाएँ और यह सुनिश्चित करें कि खाद किसानों को निर्धारित मूल्य पर और पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो किसानों के हित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। एसडीएम ने कांग्रेसजनों से प्राप्त शिकायत पर जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।








