- आजाद चौराहा पर जुटेंगे कार्यकर्ता, एसडीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
इटारसी। किसानों की ज्वलंत समस्याओं और उनकी मांगों को लेकर कांग्रेस पार्टी 8 जुलाई, बुधवार को एक बड़ा आंदोलन करने जा रही है। ‘कांग्रेस का हल्ला बोल’ बैनर के तले आयोजित इस प्रदर्शन में क्षेत्र के किसान और कांग्रेस पदाधिकारी बड़ी संख्या में जुटेंगे।
किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय बाबू चौधरी के अनुसार, बुधवार दोपहर 12 बजे सभी कार्यकर्ता, किसान साथी और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी आजाद चौराहा पुरानी इटारसी पर एकत्र होंगे। यहां से अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को किसानों की प्रमुख समस्याओं के निराकरण के लिए एक ज्ञापन सौंपा जाएगा।
प्रमुख मांगें जिन पर रहेगा ज़ोर
- मूंग खरीदी सीमा : किसानों से प्रति हेक्टेयर 12 क्विंटल मूंग की खरीदी सुनिश्चित की जाए।
- ई-टोकन व्यवस्था बंद हो : खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था को बंद कर किसानों को पर्याप्त मात्रा में सीधे खाद उपलब्ध कराई जाए।
- सिंचाई के लिए बिजली : किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए दिन के समय कम से कम 12 घंटे निर्बाध बिजली की आपूर्ति की जाए।
इस ‘हल्ला बोल’ आंदोलन को सफल बनाने के लिए ब्लॉक किसान कांग्रेस कमेटी व ब्लॉक कांग्रेस रामपुर, केसला, नगर किसान कांग्रेस एवं नगर कांग्रेस कमेटी इटारसी सहित कांग्रेस परिवार के सभी प्रकोष्ठों और विभागों ने क्षेत्र के किसानों व साथियों से समय पर उपस्थित होने का विनम्र निवेदन किया है।











