जिले की चारों सीट कांग्रेस जीतेगी, पार्टी जो आदेश देगी, हम करेंगे : माणक

जिले की चारों सीट कांग्रेस जीतेगी, पार्टी जो आदेश देगी, हम करेंगे : माणक

इटारसी। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष माणक अग्रवाल रविवार को इटारसी आये। मिहानी परिवार में उनका स्वागत किया गया। यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की वापसी होगी और नर्मदापुरम जिले की चारों सीटों पर कांग्रेस की जीत होगी। स्वयं के चुनाव लडऩे संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी जो चाहेगी, वह करने को तैयार हैं।

इस अवसर पर पार्षद धर्मदास मिहानी, कन्हैयालाल मिहानी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर, वरिष्ठ नेता अजय शुक्ला, पूर्व नपाध्यक्ष श्रीमती नीलम गांधी, लखन बैस, अनिल मिहानी, अशोक जैन, कन्हैया गोस्वामी, ओम सेन, रवि अग्रवाल, अर्जुन भोला, अनिल रैकवार सहित कांग्रेस के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

श्री अग्रवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान को अब जनता पसंद नहीं कर रही है। स्वयं भाजपा के कार्यकर्ता श्री चौहान से नाराज हैं, क्योंकि प्रदेश में कोई विकास कार्य नहीं हो रहे हैं, शिवराज केवल घोषणा करते हैं, उन पर कोई अमल नहीं होता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की ब्यूरोक्रेसी मुख्यमंत्री की कोई बात नहीं सुनती हैं, जबकि कमलनाथ के कार्यकाल में ब्यूरोक्रेसी उनकी हर बात सुनती और काम करती थी।

भाजपा की विकास यात्रा पर मानक अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की होड़ शिवराज सिंह कर रहे हैं, लेकिन आने वाले दिनों में जनता बता देगी कि दोनों यात्रा में कितना अंतर है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की विकास यात्रा में लोग स्वप्रेरणा से जुड़े रहे, किसी को लाया नहीं गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में मध्य प्रदेश में कोई विकास नहीं हुआ है। इटारसी में विकास कार्यों पर उन्होंने कहा कि यहां किसी प्रकार का कोई विकास नहीं हुआ है। यहां की जनता मूलभूत आवश्यकता के लिए तरस रही है।

पैसा एक्ट के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह नयी बोतल में पुरानी शराब जैसा है। आदिवासी आज भी कांग्रेस के साथ है। झाबुआ जैसे आदिवासी क्षेत्र में आज भी लोग इंदिरा गांधी को मानते हैं और उन्हें इंदिरा अम्मा कहते हैं। आदिवासियों में कांग्रेस पर भरोसा है, इसलिए धार में भाजपा साफ हो गयी।

CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

I am a Journalist who is working in Narmadanchal.com.

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus (0 )
error: Content is protected !!