- इटारसी में बिजली कंपनी की मीडिया कार्यशाला संपन्न, भ्रांतियां दूर कर गिनाईं उपलब्धियां
इटारसी। भारत सरकार की ‘रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम’ के तहत लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और विभागीय उपलब्धियों की जानकारी देने के उद्देश्य से गुरुवार को इटारसी के ‘द पार्क होटल’ में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने एक महत्वपूर्ण मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया। एसडीएम नीलेश शर्मा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए मीडिया से अपील की कि वे स्मार्ट मीटर की उपयोगिता और जनहितैषी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में सहयोग करें।
स्मार्ट मीटर से बंपर फायदा : टीओडी के तहत मिली 2.90 करोड़ की छूट
उप मुख्य महाप्रबंधक स्मार्ट मीटर सेल सीके पवार ने बताया कि जिले में 1.74 लाख उपभोक्ताओं में से अब तक 81,126 से अधिक स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। इन उपभोक्ताओं को टाइम ऑफ डे योजना के तहत सोलर ऑवर (सुबह 9 से शाम 5 बजे तक) में बिजली उपयोग करने पर ऊर्जा प्रभार में 20 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। फरवरी से जुलाई 2026 तक के छह महीनों में उपभोक्ताओं को 2 करोड़ 90 लाख 38 हजार रुपये की भारी छूट का लाभ मिला है।
श्री पवार ने भ्रांतियां दूर करते हुए स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद परिसर में आकर रीडिंग लेने की आवश्यकता नहीं होती। इसकी ऑटोमेटिक और सटीक रीडिंग प्रणाली से मानवीय गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं है। उपभोक्ता मोबाइल ऐप के माध्यम से रियल-टाइम खपत और अगले बिल का पूर्वानुमान आसानी से देख सकते हैं।
घर के पास समाधान और मात्र 5 रुपए में नया कनेक्शन
महाप्रबंधक नर्मदापुरम वृत्त विनीत कुमार बागड़े ने बताया कि संपर्क अभियान 2026′ के तहत 14 मई से अब तक 367 विशेष शिविर आयोजित किए हैं, जिनमें 28,483 उपभोक्ताओं की बिलिंग, मीटर और कनेक्शन संबंधी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। ग्रामीण और गरीब परिवारों के लिए चलाई जा रही योजना के तहत मात्र 5 रुपये के मामूली शुल्क में 19,503 नए कृषि और घरेलू कनेक्शन प्रदान किए हैं। कार्यशाला में इटारसी की श्रीमती सुनीता रैकवार की सफलता की कहानी भी साझा की गई, जिन्हें शिविर में आवेदन करने पर त्वरित रूप से मात्र 5 रुपये में नया घरेलू कनेक्शन मिल गया।
नई कॉल सेंटर सुविधा और सुरक्षा की अपील
उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंपनी ने मौजूदा टोल-फ्री नंबर 1912 के अतिरिक्त एक नया कॉल सेंटर नंबर 0755-4314165 भी शुरू किया है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचने के लिए भवन निर्माण के दौरान विद्युत लाइनों से सुरक्षित दूरी अनिवार्य रूप से बनाए रखें। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यशाला में मुख्य रूप से एसडीएम इटारसी नीलेश शर्मा, महाप्रबंधक विनीत कुमार बागड़े, उप महाप्रबंधक सीके पवार, उप महाप्रबंधक नर्मदापुरम प्रतीक साहू, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी मनोज द्विवेदी और तहसीलदार रामकिशोर झरबड़े उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन उप महाप्रबंधक इटारसी संदीप कुमार पाण्डेय ने किया।










