इटारसी। वेस्ट सेंट्रल मजदूर संघ ने भोपाल मंडल के वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) को पत्र लिखकर रेलवे आवासों में दीपावली से पहले रंग-रोगन कराने की मांग की है।
संघ के मंडल संघटक प्रीतम तिवारी ने बताया कि अक्सर ऐसा देखा जाता है कि ठेकेदार दीवाली के बाद रंग-रोगन का कार्य करते हैं, जबकि कर्मचारी खुद के पैसों से त्योहार पर घर चमका लेते हैं। महामंत्री अशोक शर्मा, मंडल अध्यक्ष आरके शर्मा, मंडल सचिव कमलेश परिहार, बीएल मिश्रा, भागीरथ मीणा और संतोष चतुर्वेदी ने प्रशासन के सामने मांग रखी है कि इटारसी सहित भोपाल मंडल के सभी रहवासी रेलवे आवासों में पुताई का कार्य दीपावली से पूर्व ही पूरा किया जाए, ताकि कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सके।
संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि समय पर कार्य नहीं हुआ तो ठेका निरस्त माना जाएगा और जो कर्मचारी अपने खर्च पर पुताई करवा चुके हैं, वे ठेकेदार से दोबारा काम न करवाएं।











