इटारसी। ग्राम मांदीखोह में घर के आंगन में घुसकर एक दंपत्ति के साथ गाली-गलौज, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। फरियादी की शिकायत पर केसला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मांदखोह निवासी गीता बाई काजले 23 वर्ष और उनके पति संजू काजले 33 वर्ष अपने घर के आंगन में थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला आरोपी बुधराम चौहान उर्फ बबलू चौहान पिता हरपाल चौहान उनके आंगन में आया और अकारण गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने फरियादिया और उनके पति के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। केसला पुलिस ने आरोपी बुधराम चौहान के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।











