इटारसी। धार्मिक और सामाजिक सद्भावना के पर्व नवरात्रि के पावन अवसर पर, शहर के जाने-माने समाजसेवी विजय मलैया ने गौसेवा के कार्य को गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने ‘टीम इटारसी गौसेवक’ संस्था को एक नवीन ई-रिक्शा वाहन दान किया है। इस ई-रिक्शा का उपयोग गौसेवकों द्वारा बीमार, घायल या निराश्रित गायों और अन्य पशुओं को सुरक्षित रूप से लाने-ले जाने और उनके उपचार के लिए किया जाएगा।
यह दान गौसेवा के प्रयासों को और अधिक सुचारु और प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा, खासकर उन पशुओं को त्वरित सहायता प्रदान करने में जिन्हें तत्काल चिकित्सा की आवश्यकता होती है। टीम इटारसी गौसेवक के सभी सदस्यों ने इस उदार और समयोचित सहयोग के लिए विजय मलैया के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि यह वाहन उनके दैनिक गौसेवा के कार्यों में एक बड़ी कमी को पूरा करेगा और उन्हें निस्वार्थ भाव से अपनी सेवा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करेगा। श्री मलैया का यह योगदान दर्शाता है कि वह न केवल समाज कल्याण के प्रति संवेदनशील हैं, बल्कि पर्यावरण और पशु कल्याण के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।








