इटारसी। शहर की सामाजिक संस्था संडे सोशल फाउंडेशन ने इटारसी-नर्मदापुरम मार्ग पर द पार्क रिसोर्ट के पास रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। संस्था ने इस संबंध में पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर के मुख्य सतर्कता अधिकारी को पत्र लिखकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा है कि मात्र 2 वर्ष पूर्व निर्मित इस पुल में जगह-जगह गंभीर दरारें आ गई हैं और इसका फाउंडेशन कमजोर दिखाई दे रहा है, फाउंडेशन का मानना है कि निम्न स्तरीय सामग्री के उपयोग से जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया गया है। संस्था ने आरोप लगाया है कि डीआरएम कार्यालय भोपाल द्वारा जानबूझकर सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी को रोका जा रहा है। राज्यसभा सांसद द्वारा संसद में मुद्दा उठाने के बाद मरम्मत कार्य तो शुरू हुआ है, लेकिन दोषी ठेकेदार और अधिकारियों पर अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
संडे सोशल फाउंडेशन के अध्यक्ष रामसेवक जोठे ने मांग की है कि इस पुल की स्वतंत्र टेक्निकल जांच कराई जाए, दोषी कंपनी को ब्लैक लिस्ट किया जाए और मरम्मत का खर्च भी दोषी ठेकेदार से ही वसूला जाए. संस्था ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जनहित में आगे कदम उठाएंगे।










