इटारसी। नर्मदापुरम संभाग की होनहार महिला क्रिकेटर अनन्या दुबे ने अपने शानदार खेल की बदौलत पूरे संभाग का मान बढ़ाया है। अनन्या को मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सीजऩ अवॉर्ड्स 2025-26 में महारानी उषादेवी अवॉर्ड : बेस्ट सीनियर क्रिकेटर (महिला) के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस गौरवशाली सम्मान के साथ उन्हें 50,000 रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई है।
शीर्ष स्तर तक पहुंचेगी अनन्या : मिश्रा
अनन्या की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी के सदस्य अनुराग मिश्रा ने विशेष रूप से प्रसन्नता व्यक्त की है। उनके उज्ज्वल भविष्य पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा हम अनन्या की प्रतिभा और प्रदर्शन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। हमें पूरा विश्वास है कि वह आने वाले समय में और ऊंचाइयां हासिल करते हुए शीर्ष स्तर तक पहुंचेगी।
क्रिकेट एसोसिएशन और खेल जगत में खुशी की लहर
अनन्या को मिले इस राज्य स्तरीय सम्मान से जिले के खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है। नर्मदापुरम क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अनन्या दुबे को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है। संभाग के सभी खेल संघों और सदस्यों ने भी उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कामना की है कि वह निरंतर ऐसे ही सफलता के शिखर चढ़ती रहें। यह सम्मान न सिर्फ अनन्या की कड़ी मेहनत का परिणाम है, बल्कि यह नर्मदापुरम की अन्य युवा खेल प्रतिभाओं, विशेषकर बेटियों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा है।










