---Advertisement---

जुझारपुर रोड पर बढ़े अपराध: 48 घंटे में दो जानलेवा हमले, सहमे ग्रामीणों ने सौंपा आवेदन; दोपहर में किया चक्काजाम

By
On:
Follow Us
Bachpan play school advertisement

इटारसी। ग्राम जुझारपुर और उसके आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों में आपराधिक गतिविधियों में अचानक तेजी आई है। मात्र 48 घंटों के भीतर क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर चाकूबाजी और प्राणघातक हमले की वारदातों ने पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।लगातार हो रही इन गंभीर घटनाओं से आक्रोशित और असुरक्षित महसूस कर रहे ग्राम जुझारपुर के समस्त निवासियों ने आज 13 जुलाई को अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के नाम एक सामूहिक आवेदन सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने जुझारपुर मार्ग पर किया चक्काजाम, TI के आश्वासन पर माने

वारदातों से नाराज और भयभीत ग्रामीणों का गुस्सा आज दोपहर उस समय फूट पड़ा, जब भारी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने जुझारपुर मार्ग पर पहुंचकर चक्काजाम कर दिया। काफी देर तक मार्ग पर जाम लगा रहा, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी और खुद मोर्चा संभाला। टीआई ने ग्रामीणों को स्पष्ट आश्वासन दिया कि वे स्वयं पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में नियमित गश्त (पेट्रोलिंग) करेंगे। टीआई के इस ठोस और व्यक्तिगत आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना चक्काजाम समाप्त किया और मार्ग पर आवागमन दोबारा बहाल हो सका।

48 घंटे में दो बड़ी वारदातें, एक युवक भोपाल रेफर

ग्रामीणों द्वारा पुलिस प्रशासन को सौंपे गए आवेदन में हाल ही में घटित दो प्रमुख सनसनीखेज घटनाओं का उल्लेख किया गया है

लूट के इरादे से चाकूबाजी): 12 जुलाई 2026 की रात लगभग 11:40 बजे, एफसीआई के पास ‘बेर बाबा’ क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने राकेश चौरे को रोककर धन की मांग की। पैसे देने से इंकार करने पर बदमाशों ने उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

संवेदनशील अंगों पर वार,: इससे पहले, 10 जुलाई की रात लगभग 09:00 बजे, पुरानी इटारसी के ‘काका कुटी’ के पास श्री सुधांशु मेहतो पर अज्ञात हमलावरों द्वारा प्राणघातक हमला किया गया था। हमलावरों ने उनके शरीर के संवेदनशील अंगों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। सुधांशु की हालत इतनी नाजुक बनी हुई है कि उन्हें बेहतर इलाज के लिए बंसल हॉस्पिटल, भोपाल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वे वर्तमान में अत्यंत गंभीर अवस्था में हैं

आरोपी पर पुलिस की नजर: पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ के दौरान एक संदेही आरोपी आशु उर्फ बब्बू देवहरे पिता: दामोदर देवहरे, उम्र 27 वर्ष), जो कि बेर बाबा मंदिर के पास का ही निवासी है, पुलिस के रडार पर है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मुख्य मार्ग पर दहशत, ग्रामीणों ने उठाई ‘जीवन के अधिकार’ की आवाज

ग्रामवासियों का कहना है कि जिस मार्ग (बेर बाबा और काका कुटी क्षेत्र पर ये घटनाएं घटित हुई हैं, वह जुझारपुर के नागरिकों के आवागमन का मुख्य रास्ता है। इस रास्ते पर रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। ग्रामीणों ने संविधान के अनुच्छेद 21′ (जीवन के अधिकार) का हवाला देते हुए आवेदन में कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में आम नागरिकों का सुरक्षा के अभाव में घरों से निकलना दूभर हो गया है और पूरा क्षेत्र भय के साये में जीने को मजबूर है।

पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और नाइट पेट्रोलिंग की मांग

समस्त ग्रामवासियों की ओर से सौंपे गए इस आवेदन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) से निम्नलिखित प्रमुख मांगें की गई हैं। उक्त दोनों मामलों की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील और अंधेरे वाले क्षेत्रों में पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नियमित रात्रि गश्त (Night Patrolling) को तत्काल प्रभाव से बढ़ाया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं जिससे राहगीर और स्थानीय नागरिक भयमुक्त वातावरण में आवागमन कर सकें। आज पुलिस ने बीती रात पार्षद पर चाकू से हमला करने वाले आरोपियों का जुलूस निकाला।

ग्रामीणों ने दोटूक कहा है कि यदि टीआई के आश्वासन के बाद भी जल्द ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधरी और आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो नागरिक अपने अधिकारों की रक्षा के लिए और उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।

Manju Thakur

मंजू ठाकुर वरिष्ठ पत्रकार एवं Narmadanchal.com के संस्थापक-संपादक हैं। वे वर्ष 2004 से नर्मदांचल क्षेत्र और मध्य प्रदेश की स्थानीय, सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़ी खबरों का संपादन और प्रकाशन कर रही हैं। उन्होंने बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय, भोपाल से संस्कृत में स्नातकोत्तर, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक तथा डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर से लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। पत्रकारिता के साथ-साथ वे डिजिटल मीडिया, समाचार संपादन एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी अनुभव रखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय समाचार पहुँचाना है।

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Advertisement

[adrotate banner="5"]

Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.