इटारसी। शहर के गांधी नगर इलाके में ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक शातिर साइबर ठग ने युवती को अपने जाल में फंसाकर उसके खाते से एक लाख नब्बे हजार रुपये उड़ा लिए। फरियादी की शिकायत पर इटारसी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
1 जुलाई से 3 जुलाई के बीच हुई वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांधी नगर वार्ड नंबर 23, सेल्स टैक्स ऑफिस के पीछे की रहने वाली 23 वर्षीय युवती अंजलि पिता ब्रजेश घारू के साथ यह ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है। शातिर ठग ने 1 जुलाई 2026 की दोपहर 2 बजे से लेकर 3 जुलाई की शाम 5:56 बजे के बीच अलग-अलग किस्तों में इस ठगी की वारदात को अंजाम दिया। जब युवती को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उसने तुरंत थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
फरियादी अंजलि ने इटारसी थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम और साइबर सेल की मदद से आरोपी के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों को ट्रैक किया जा रहा है।
इटारसी पुलिस की अपील
किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी या किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। यदि आप किसी भी प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होते हैं, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं ताकि समय रहते पैसे होल्ड किए जा सकें।











