इटारसी। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का असर अब नर्मदापुरम जिले के इटारसी शहर में भी साफ दिखाई दे रहा है। बुधवार को सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए थे, जिससे मौसम खुशनुमा बना हुआ था।
दोपहर करीब 2 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और शहर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश की तीव्रता इतनी अधिक थी कि लगभग 15 मिनट तक तेज गति से पानी बरसा, जिसके चलते दिन में ही रात जैसा माहौल बन गया।
घने बादलों और तेज वर्षा के कारण शहर के मार्गों पर अचानक घना अंधेरा छा गया। दृश्यता (विजिबिलिटी) कम होने के कारण सडक़ों पर चल रहे वाहनों को मजबूरन अपनी हेडलाइट्स जलानी पड़ीं। इस आकस्मिक बारिश ने जहां एक ओर तापमान में गिरावट लाई है, वहीं मानसून की वापसी के बाद अक्टूबर के अंत में हुई इस बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में भी जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी जारी रहने की संभावना है।








