इटारसी। शहर के पास FCP गोविंद वेयरहाउस निटाया में आज एक बेहद जहरीले सांप रसेल वाइपर (Russell’s Viper) को रेस्क्यू किया गया। वन विभाग की टीम ने करीब 4 फीट लंबे इस सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। वेयरहाउस में काम कर रहे विपिन चौरे ने सांप को तब देखा, जब वे बोरियों पर पन्नी डाल रहे थे।
उन्होंने तुरंत सर्पमित्र रिषभ पटेल को इसकी सूचना दी। वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देश पर सर्पमित्रों की टीम जिसमें अभिजीत यादव, मोहित मेहरा, और रिषभ पटेल शामिल थे, तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने पाया कि बोरियों के ढेर के पास एक रसेल वाइपर बैठा है, जो बेहद जहरीला होता है और इसके काटने से इंसान के शरीर में खून का थक्का जमना बंद हो जाता है।
सर्पमित्रों ने बड़ी सावधानी से सांप को पकड़ा और उसे एक कंटेनर में रखा। रेस्क्यू के बाद, सांप को सुरक्षित रूप से वन परिक्षेत्र में एक सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया, जहां उसका पुनर्वास हो सकेगा। टीम के इस प्रयास से न केवल एक जहरीले सांप की जान बची, बल्कि वेयरहाउस में काम करने वाले कर्मचारियों को भी संभावित खतरे से बचाया जा सका।








