इटारसी। क्षेत्र में छाये घने अंधेरे और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात इटारसी-पथरोटा मार्ग पर हुए एक दर्दनाक हादसे में सीपीई में कार्यरत एक कर्मचारी की जान चली गई।
पुलिया के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, पावरग्रिड पथरोटा के सामने निवासी लेखराज साहू 36 वर्ष बीती रात करीब 11: 30 बजे इटारसी से अपने घर पथरोटा की ओर जा रहे थे। शेर-ए-पंजाब ढाबे के आगे सीपीई और प्लाईवुड फैक्ट्री के बीच पुलिया के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक राजस्थान पासिंग बोरिंग ट्रक क्रमांक आजे 32 ईए 0293 से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और लेखराज की मौत हो गई।
हादसे की मुख्य वजह : छाया रहता है घना अंधेरा
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल और उसके आसपास का पूरा क्षेत्र हमेशा घने अंधेरे में डूबा रहता है। पुलिया के पास प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे रात के समय सड़क किनारे खड़े वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते। इसी अंधेरे का खामियाजा लेखराज को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।
नियमों के पक्के थे लेखराज, पर कल रह गई चूक
मृतक के मित्र हरीश चौधरी ने बताया कि लेखराज सीपीई में कार्यरत थे और वहां दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। वह हमेशा हेलमेट पहनते थे, लेकिन दुर्भाग्यवश कल रात उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जो शायद उनकी जान बचाने में मददगार साबित हो सकता था।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
36 वर्षीय लेखराज अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है। बुधवार सुबह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। यह घटना सड़क किनारे असुरक्षित ढंग से खड़े वाहनों और मुख्य मार्गों पर लाइट के अभाव जैसे गंभीर मुद्दों की ओर प्रशासन का ध्यान खींचती है, यह हिस्सा जिस भी निकाय के अंतर्गत आता हो, उसे इसके विषय में गंभीरता से विचार करना चाहिए।









