इटारसी। खेल प्रतिभाओं के धनी नर्मदापुरम जिले के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हरियाणा में आयोजित होने वाले ‘स्कूल क्रिकेट नेशनल गेम्स’ के लिए स्थानीय कैडबरी क्लब की दो होनहार खिलाड़ी आफिया और शुभी सिंगारे का चयन मध्य प्रदेश की टीम में हुआ है। वहीं, वंशिका पाल का चयन स्टैंडबाय खिलाड़ी के रूप में किया गया है।
हरियाणा में होगा राष्ट्रीय मुकाबला
स्कूली शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 29 अप्रैल से 3 मई तक हरियाणा में किया जाएगा। मध्य प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए आफिया और शुभी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी का जौहर दिखाएंगी।
कैडबरी क्लब में खुशी की लहर
इन खिलाडिय़ों की उपलब्धि पर कैडबरी क्लब और खेल जगत से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है। प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों का मानना है कि इन बेटियों की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण ने आज उन्हें इस मुकाम पर पहुंचाया है। स्टैंडबाय में चुनी गईं वंशिका पाल की प्रतिभा को भी खेल विशेषज्ञों ने सराहा है।
उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ते कदम
नर्मदापुरम की इन बेटियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन न केवल जिले बल्कि प्रदेश के लिए गौरव की बात है। खेल जानकारों के अनुसार, इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाडिय़ों के लिए भविष्य में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के दरवाजे खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पायदान साबित होती हैं। समाज के गणमान्य नागरिकों और खेल प्रेमियों ने तीनों खिलाडिय़ों को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।










