इटारसी। स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर की जयंती और डॉटर्स डे के अवसर पर, इटारसी सांस्कृतिक मंच ने साईं कृष्णा रिसॉर्ट में ‘लता की आवाज’ नामक एक संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया। यह विशेष आयोजन महिलाओं के लिए, महिलाओं द्वारा स्वर के नए रंगों के साथ प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने मंच के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए और उन्होंने भविष्य में भी मंच को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। शुभारंभ मंच की संरक्षक श्रीमती प्रतिभा विजय दुबे ‘काकू भाई’, श्रीमती प्रीति दुबे और नगर पालिका अधिकारी, नर्मदापुरम श्रीमती हेमेश्वरी पटले ने सरस्वती पूजन और दीप प्रज्वलन कर किया। गायिकाओं अनीता राठौर, संगीता शर्मा और अर्चना शुक्ला ने सुरमई सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

गीतों के साथ बेटियों का सम्मान
इस वर्ष मंच कुछ नया लेकर आया। लता जी के गीतों के अतिरिक्त अन्य सर्वश्रेष्ठ महिला गायिकाओं के भी एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए, जिन्होंने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह उत्सव डॉटर्स डे पर देश की सर्वश्रेष्ठ गायिकाओं के गीतों को समर्पित रहा और समाज में बेटियों के महत्व और सम्मान का सशक्त संदेश भी लेकर आया।
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर, नर्मदापुरम श्रीमती बबीता राठौर ने डॉटर्स डे पर एक सुंदर कविता प्रस्तुत की, जिसकी सभी ने सराहना की। कार्यक्रम में नर्मदापुरम, भोपाल और इटारसी की लगभग ढाई सौ से अधिक महिला श्रोताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, पार्षद एवं स्वास्थ्य स्वच्छता सभापति श्रीमती रिचा तिवारी, श्रीमती निधि चौरे की उपस्थिति में हुई। नर्मदापुरम से मंच की प्रमुख श्रीमती नीरजा फोजदार और डॉ. श्रुति मालवीय विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
आईएसएम ग्रुप ने ईश्वर भक्ति गीत और लता जी के गीतों को मिलाकर एक शानदार मैशअप ग्रुप सॉन्ग की प्रस्तुति दी। मंच की 18 महिला कलाकारों ने अपनी सुरमई प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। संचालन दीप्ति शुक्ला और सुषमा पांडे ने, जबकि आभार प्रदर्शन मंच की फाउंडर श्रीमती उमा शुक्ला ने किया। बेटियों वेदिका शुक्ला और तेजस्विनी शुक्ला को उनके विशेष सहयोग के लिए सम्मानित किया।








