इटारसी। इटारसी से मदनमहल के लिए प्रस्तावित दैनिक यात्री ट्रेन क्रमांक 51673 के संचालन समय को लेकर क्षेत्र के यात्रियों ने रेलवे से समय में परिवर्तन की मांग की है। इस संबंध में उप स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य, इटारसी को ज्ञापन सौंपकर ट्रेन को इटारसी से प्रातः 8 से 9 बजे के बीच चलाए जाने तथा गुरमखेड़ी स्टेशन पर ठहराव दिए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान प्रस्ताव के अनुसार ट्रेन क्रमांक 51673 इटारसी जंक्शन से प्रातः 11:40 बजे रवाना होकर मदनमहल पहुंचेगी। भारतीय रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह ट्रेन सोहागपुर सहित मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
यात्रियों का कहना है कि सुबह 11:40 बजे इटारसी से ट्रेन चलने के कारण नर्मदापुरम, इटारसी, सोहागपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा।
ज्ञापन में कहा गया कि सुबह 8:00 से 9:00 बजे के बीच ट्रेन चलने से विद्यार्थियों को कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों तक समय पर पहुंचने, नौकरीपेशा लोगों को अपने कार्यस्थल पर पहुंचने तथा व्यापारियों को दैनिक कार्य निपटाकर समय पर वापस लौटने में सुविधा होगी। वहीं जबलपुर के बड़े अस्पतालों में उपचार के लिए जाने वाले मरीजों को भी समय पर पहुंचने में मदद मिलेगी।
ज्ञापन सौंपने वालों ने यह भी मांग की कि ट्रेन का गुरमखेड़ी स्टेशन पर ठहराव निर्धारित किया जाए, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी इस नई रेल सेवा का लाभ मिल सके।
यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से क्षेत्र की व्यावहारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ट्रेन क्रमांक 51673 का प्रस्थान समय प्रातः 8:00 से 9:00 बजे के मध्य निर्धारित करने एवं गुरमखेड़ी में ठहराव देने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपते समय क्षेत्र के यात्री एवं नागरिक उपस्थित रहे।











