इटारसी। प्रदेश के पेंशनर्स ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राजधानी भोपाल के अम्बेडकर पार्क में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। यह धरना ऑल प्रगतिशील पेंशनर वेल्फेयर एसोसिएशन मध्य प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित किया गया था, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पेंशनर्स प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। एसोसिएशन के प्रांत अध्यक्ष सुधीर दुबे के नेतृत्व में, पेंशनर्स ने अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
नर्मदापुरम से सक्रिय भागीदारी
इस प्रदर्शन में नर्मदापुरम जिले से एसोसिएशन के प्रांत सचिव बसंत गिरी गोस्वामी और जिलाध्यक्ष केदारनाथ बिसोपिया के नेतृत्व में अनेकों पेंशनरों ने राजधानी पहुंचकर अपनी मांगों को आवाज दी।
पेंशनर्स की प्रमुख मांगें
- महंगाई राहत में समानता : पेंशनर्स को शासकीय कर्मचारियों के समान दिए गए 2 प्रतिशत महंगाई राहत को शीघ्र जारी किया जाए।
- पीला राशन कार्ड : पेंशनर्स के बेरोजगार बच्चों और अल्प वेतन पर काम करने वाले बच्चों को पीला राशन कार्ड प्रदान किया जाए।
- अनुग्रह राशि : पेंशनर की मृत्यु होने पर उनके परिवार को 1 लाख 25 हजार रुपए की अनुग्रह राशि प्रदान की जाए।
- वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ : शासन के आदेश अनुसार 30 जून और 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाले पेंशनर को एक वेतन वृद्धि का लाभ एवं उसका एरियर दीपावली के पूर्व दिया जाए।
- मुफ्त इलाज सुविधा : मप्र शासन की योजना अनुसार पेंशनर्स को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की जाए।
अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
धरना प्रदर्शन के दौरान प्रांत सचिव बसंत गिरी गोस्वामी ने वित्त विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इनका (वित्त विभाग) अपने अधीनस्थ अधिकारियों पर कोई नियंत्रण नहीं रहा है और प्रदेश में वृद्ध एवं अशक्त पेंशनर्स का शोषण हो रहा है। इस आंदोलन में भोपाल, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, इटारसी, जबलपुर, गुना, ग्वालियर, चाचौड़ा, नसरुल्लागंज, आष्टा, श्यामपुर, बुदनी, रायसेन सहित पूरे प्रदेश के प्रतिनिधियों ने एकजुटता दिखाते हुए भाग लिया। पेंशनर्स ने उम्मीद जताई है कि सरकार उनकी जायज मांगों पर शीघ्रता से विचार कर निराकरण करेगी।








