इटारसी। न्याय के देवता भगवान शनिदेव के पावन जन्मोत्सव पर शनिवार शाम को शहर का सब्जी मंडी परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में रंग गया। श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शनिदेव को विशेष भोग अर्पित कर भंडारे से की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। एक शाम शनिदेव के नाम भजन संध्या का शुभारंभ भगवान गणेश, शनिदेव एवं मां दुर्गा की भव्य महाआरती के साथ हुआ। ‘मां के बेटे जागरण समिति’ के संचालक आलोक शुक्ला ने आकर्षक गणेश वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद सुप्रसिद्ध भजन गायिका श्रीमती वीणा ठाकुर ने ‘है री सखी शनि जी’, ‘शनिदेव को मना लो तिल और तेल से’, ‘बम लहरी बम लहरी’, ‘जय जय बजरंगबली’ एवं ‘आयो नजर मोहन मतवालो’ जैसे भजनों की सुमधुर प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
कार्यक्रम में शामिल अतिथि, कलाकार
इस भव्य धार्मिक आयोजन में शहर के गणमान्य नागरिकों, सिंधी समाज, पुजारियों और संगीत कलाकारों ने अपनी महत्वपूर्ण उपस्थिति और सहभागिता दर्ज कराई।
- आरती एवं मुख्य अतिथि : शनि मंदिर के मुख्य पुजारी महेश शर्मा, पूज्य पंचायत सिंधी समाज के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य, पवन शुक्ला, रविन्द्र गुप्ता एवं नटवर पटेल (सपत्नीक) महाआरती में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
- भजन गायक एवं संचालक : आलोक शुक्ला संचालक, मां के बेटे जागरण समिति और भजन गायिका श्रीमती वीणा ठाकुर।
- संगीत संगत (म्यूजिशियन टीम): भजनों में शानदार संगीत देने वाले कलाकारों में पवन शुक्ला, गोलू राजपूत, महेंद्र कनक, विज्जु देवहारे, यशवंत पठारिया, दीपक कतिया, ब्रजेश, अनमोल सेन, जित्तू एवं सोहन शामिल रहे।
- ध्वनि व्यवस्था : कार्यक्रम की उत्कृष्ट साउंड व्यवस्था मोनू साउंड द्वारा की गई।
देर रात तक चली इस भजन संध्या में सब्जी मंडी के व्यापारीगण एवं सैकड़ों श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य पुजारी एवं समस्त सब्जी मंडी व्यापारियों ने सभी श्रद्धालुओं और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोगियों का सहृदय आभार व्यक्त किया।











