मध्यप्रदेश की महिला-पुरुष हॉकी टीम की जीत पर डीएचए में हर्ष

इटारसी के तीन खिलाड़ी शामिल हैं, मध्यप्रदेश की टीम में
इटारसी। ओडिसा के भुवनेश्वर में चल रही खेलो इंडिया क्वालीफायर्स टूर्नामेंट (Khelo India Qualifiers Tournament) में मध्यप्रदेश की महिला एवं पुरुष दोनों टीमों ने अपने-अपने मैच जीते। पुरुष टीम ने झारखंड को 4-3 गोल से हराया, जबकि महिला टीम ने कर्नाटक को 9-1 से शिकस्त दी।
मप्र की पुरुष हॉकी के कोच देवकीनंदन ग्वालियर और मैनेजर तापेश साहू बैतूल ने बताया कि खेल के दूसरे क्वार्टर में मध्य प्रदेश के अंकित पाल और श्रेयस धूपे के बेहतरीन मूव की बदौलत मध्य प्रदेश टीम को पहला पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिसमें मोहम्मद जैद खान ने गोल कर मध्य प्रदेश के 1 गोल की बढ़त दिलाई।
खेल के 28 वे मिनट में मध्यप्रदेश के जर्सी नंबर 10 कौनेन दाद के बेहतरीन पास से अली अहमद ने फील्ड गोल कर मध्य प्रदेश को 2 गोल की बढ़त दिलाई। मैच के 56 वे मिनट में मोहम्मद जैद ने एक और बेहतरीन गोल कर मध्य प्रदेश को 3-2 की बढ़त दिलाई।
मैच के अंतिम क्षणों में मध्यप्रदेश के जैसी नंबर 8 सुंदरम सिंह के बेहतरीन पास पर अली अहमद ने इसे पेनल्टी कार्नर में परिवर्तित किया और पेनल्टी कार्नर में जमीर मोहम्मद ने मध्यप्रदेश के लिए गोल अर्जित किया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में झारखंड ने भी मध्य प्रदेश पर 3 गोल अर्जित किए। इस मैच मे मध्य प्रदेश ने 4-3 से विजय प्राप्त की।
लड़कियों ने भी जीते मैच

मध्यप्रदेश की महिला टीम ने भी अपने दो मैच जीत लिये हैं। आज लड़कियों ने कर्नाटक की टीम को 9-1 के बड़े अंतर से हराया है, इससे पहले लड़कियों ने हरियाणा को भी 3-1 से हराया था। लड़कियों की टीम कोच नेहा रावत और मैनेजर इमरान खान हैं।
मध्यप्रदेश की दोनों हॉकी टीम की जीत पर हॉकी मध्यप्रदेश के अध्यक्ष नितिन ढिमोले, महासचिव लोकबहादुर, जिला हॉकी संघ इटारसी, नर्मदापुरम के अध्यक्ष प्रशांत जैन, सचिव कन्हैया गुरयानी, कार्यकारी अध्यक्ष शिरीष कोठारी, जयराज सिंह भानू, वरिष्ठ खिलाड़ी एससी लाल, हरप्रीत सिंघ छाबड़ा, रविन्द्र जोशी, अरुण राबर्ट सहित समस्त खिलाडिय़ों ने टीमों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।