सोहागपुर/शोभापुर। नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर थाना अंतर्गत शोभापुर क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। स्टेट हाईवे पर स्थित प्रसिद्ध ढाबा संचालक की अज्ञात बदमाशों ने सिर में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। बुधवार तड़के युवक का खून से लथपथ शव रानी पिपरिया नहर की पुलिया पर मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
तड़के नहर की पुलिया पर मिला खून से लथपथ शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सोहागपुर निवासी 35 वर्षीय सचिन पुर्विया के रूप में हुई है। बुधवार की सुबह स्टेट हाईवे से करीब 1 किलोमीटर दूर रानी पिपरिया नहर की पुलिया पर राहगीरों ने एक शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर जाकर देखा गया तो शव सचिन का था। हत्यारों ने सचिन के सिर के दाहिने हिस्से में बेहद नजदीक से गोली मारी थी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात वाली जगह पर चारों तरफ काफी खून फैला हुआ था।
मंगलवार रात नकाबपोश के साथ निकला था सचिन
परिजनों और ढाबे के कर्मचारियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8 बजे ढाबे पर एक अज्ञात नकाबपोश युवक आया था। सचिन उस नकाबपोश के साथ अपनी गाड़ी से निकला था। जब देर रात तक सचिन वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद आने लगा, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस को सूचना दी।
मोबाइल लोकेशन से पहुंची पुलिस
शिकायत मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई और सचिन के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर डाला गया। मोबाइल की आखिरी लोकेशन के आधार पर पुलिस टीमों ने रात में ही सर्चिंग शुरू की। अंतत: बुधवार तड़के पुलिस ने स्टेट हाईवे से 1 किमी दूर नहर के पास से सचिन का शव बरामद कर लिया।
तीन थानों की पुलिस जांच में जुटी
सनसनीखेज मर्डर की सूचना मिलते ही सोहागपुर, शोभापुर और सेमरी हरचंद थाने की पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। ढाबे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि उस नकाबपोश युवक की पहचान की जा सके, जिसके साथ सचिन आखिरी बार देखा गया था। हत्या के पीछे आपसी रंजिश है या कोई अन्य कारण, पुलिस सभी एंगल पर गंभीरता से जांच कर रही है।











