नर्मदापुरम। जिले में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नर्मदापुरम के शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला एसपीएम में इंटरैक्टिव डिजिटल शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इसके तहत, मुस्कान ड्रीम्स प्रोजेक्ट के माध्यम से कक्षा 6 से 10 तक के छात्रों को गणित और विज्ञान का ऑनलाइन ज्ञान इंटरैक्टिव पैनल के जरिए प्रदान किया जाएगा।
डिजिटल शिक्षा की कार्यप्रणाली
यह ऑनलाइन शिक्षण राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा सीधे रिकॉर्ड किया जाएगा और इसकी निगरानी की जाएगी। डीपीसी राजेश जायसवाल के निर्देशन में मुस्कान ड्रीम्स प्रोजेक्ट के संभाग प्रभारी मुदित पाठक ने शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में नर्मदापुरम बीआरसी श्रीमती सपना गोलहानी और कक्षा 6 से 8 के गणित एवं विज्ञान पढ़ाने वाले चयनित स्कूलों के शिक्षक और जन शिक्षक शामिल हुए।
जन शिक्षक केएस वाडिवा ने बताया कि विद्यार्थी अपने एंड्रॉइड मोबाइल के माध्यम से घर बैठे डिजिटल शिक्षा का लाभ उठा सकेंगे, जबकि स्कूलों में शिक्षक पेन ड्राइव के माध्यम से पढ़ाई कराएंगे। इस पहल से विद्यार्थियों को गणित और विज्ञान के कठिन विषयों को कंटेंट आधारित शिक्षण से समझने में काफी मदद मिलेगी। प्रशिक्षण में बीआरसी सपना गोलहानी, एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक अखिलेश पाठक, जन शिक्षक पुरुषोत्तम अहिरवार, विद्या ठाकुर, केएस वाडिवा और चयनित शालाओं के शिक्षक उपस्थित रहे।








