इटारसी। पुरानी इटारसी क्षेत्र में बीती रात एक दुकान के सामने दो पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हो गई। गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने फावड़े से तो दूसरे ने हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। घटना के बाद इटारसी पुलिस ने दोनों पक्षों के फरियादियों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पहले मामले में फरियादी यश पटेल पिता अजय कुमार पटेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी स्टेट बैंक कॉलोनी के पास, पुरानी इटारसी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी दुकान के सामने आरोपी परवेज खान निवासी दीवान कॉलोनी ने गालियां दीं। मना करने पर आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
दूसरे पक्ष से, फरियादी परवेज खान पिता वसीम खान, उम्र 30 वर्ष, निवासी दीवान कॉलोनी, पुरानी इटारसी ने भी थाने पहुंचकर अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई है कि घटना के दौरान आरोपी यश पटेल ने अपनी दुकान के सामने उसे गालियां दीं और फावड़े से हमला कर मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने दोनों ही मामलों में शिकायत के आधार पर अपराध पंजीकृत कर मामले को विवेचना में ले लिया है।










