इटारसी। शहर की सब्जी मंडी और आयकर भवन के पास पैसे के लेनदेन की बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला सब्जी मंडी का है। फरियादी पप्पू 32 वर्ष, पिता मुल्लू सोनकर, निवासी नई गरीबी लाइन इटारसी ने पुलिस को बताया कि 26 मई की शाम करीब 6 बजे पैसे की बात को लेकर आरोपी मोईन राईन और गोलू राईन दोनों निवासी इटारसी ने उनके साथ हाथ-थप्पड़ से मारपीट कर चोट पहुंचाई और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
वहीं, इसी विवाद को लेकर दूसरे पक्ष के फरियादी मोहम्मद अशहद 28 वर्ष, पिता मोहम्मद शफीक, निवासी आयकर भवन के पास इटारसी ने भी काउंटर केस दर्ज कराया है। अशहद का आरोप है कि उसी रात करीब 8:30 बजे पैसे की बात को लेकर आरोपी पप्पू सोनकर ने उन्हें आयकर भवन के पास स्थित उनके घर के पास रोका और हाथ-मुक्के से मारपीट कर चोट पहुंचाई। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने अशहद की रिपोर्ट पर आरोपी पप्पू सोनकर के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।











