इटारसी। जिला हॉकी संघ (District Hockey Association) 11 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ओलंपियन विवेक सागर का सम्मान करेगा। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। संघ द्वारा एक भव्य समारोह के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। आज वर्धमान कालेज परिसर में प्रारंभिक तैयारियों को लेकर बैठक हुई जिसमें कुछ बिन्दुओं पर चर्चा की है।
11 को आ रहे हैं विवेक सागर
विवेक सागर 11 अगस्त को इटारसी आ रहे हैं। वे दोपहर भोपाल विमानतल से इटारसी के लिए निकलेंगे। उनके साथ उनका परिवार भी होगा। विवेक दोपहर 3 बजे इटारसी पहुंचेंगे। शहर के प्रवेश द्वार कृषि उपज मंडी (agricultural produce market) के सामने विवेक की अगवानी होगी और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत जिला हॉकी संघ करेगा। यहां से विवेक को खुली जीप में शहर में लेकर आएंगे। इस स्वागत जुलूस का समापन शाम 5 बजे मेजर ध्यानचंद चौराह गांधी मैदान के पास होगा।
जगह-जगह होगा विवेक का स्वागत
विवेक सागर जब भारतीय हॉकी टीम में शामिल हुए थे, तब भी शहर में उनका ऐतिहासिक स्वागत किया गया था। उस दौरान जुलूस मार्ग में दर्जनों स्थानों पर उनका स्वागत किया गया था। इस बार भी कुछ संगठनों ने स्वागत के लिए डीएचए के पास सूचना भेजी है। खेड़ा, पीपल मोहल्ला, ओवरब्रिज के सामने और जयस्तंभ चौक पर भी विवेक का स्वागत किया जाएगा। जयस्तंभ चौक से जुलूस आरएमएस आफिस, रेस्ट हाउस, ऑडिटोरियम से होकर ध्यानचंद चौराह पर पहुंचेगा। ध्यानचंद चौक पर स्थानीय खिलाड़ी आतिशबाजी करेंगे। यहीं जुलूस का समापन हो जाएगा।
वर्धमान में सामाजिक संगठन करेंगे सम्मान
ओलिंपिक में भारतीय हॉकी टीम की जीत में अपना अहम योगदान देने पर नर्मदांचल के इस सपूत का स्वागत करने के लिए शहर के सामाजिक संगठन भी उत्साहित हैं। विवेक सागर का सम्मान समारोह वर्धमान स्कूल के सभागार में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में आमंत्रित सामाजिक संगठन के सदस्य ही पहुंचेंगे जो विवेक का सम्मान करेंगे। बैठक में विवेक के स्वागत समारोह की प्राथमिक तैयारियों पर चर्चा हुई है। बैठक में अध्यक्ष प्रशांत जैन, कार्यकारी अध्यक्ष शिरीष कोठारी, जयराज सिंह भानू, कोषाध्यक्ष सर्वजीत सिंघ सैनी, सचिव कन्हैया गुरयानी मौजूद थे।