नर्मदापुरम। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 27 सितंबर 2026 को नर्मदापुरम के सेठानी घाट स्थित गायत्री शक्तिपीठ में जिला स्तरीय महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।
इस महाकुंभ में जिले की सभी आठ तहसीलों नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, सिवनी मालवा, सोहागपुर, बनखेड़ी, माखन नगर और डोलरिया से मातृशक्ति ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला समन्वयक अनुराग मिश्रा ने किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संचालक तृप्ति त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करना ही वास्तविक सशक्तिकरण है।
उन्होंने धार्मिक आयोजनों में डीजे के दुरुपयोग, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और बच्चों में मोबाइल की लत पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अभिभावकों को सजग रहने की सलाह दी। वहीं, समिति की सदस्य बबली धाकड़ ने रानी लक्ष्मीबाई और विदुषी गार्गी जैसी महान नारियों का उदाहरण देते हुए भारतीय नारी को शक्ति और त्याग का प्रतीक बताया।
सम्मेलन में अन्य वक्ताओं ने भी समाज और परिवार में नारी की भूमिका पर जोर दिया। सुमन सिंह, विजय श्रीवास्तव और अनीता जाट ने परिवार को जोड़ने, पर्यावरण और नदियों के संरक्षण तथा नई पीढ़ी में भारतीय संस्कारों के निर्माण में महिलाओं की अहम जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के अंतिम चरण में वरुणा सिंह ने उपस्थित मातृशक्ति को महिला स्वावलंबन, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और परिवार में सद्भाव बनाए रखने का सामूहिक संकल्प दिलाया।
अंत में प्रतिभा साहू ने विशाल आयोजन की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं के समर्पण को देते हुए मुख्य अतिथि और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया, और जिले में नारी जागरण अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।











